August 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

कोर्ट के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासन-पुलिस टीम का विरोध

Dukan Ad
Dukan Ad

कोर्ट के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासन-पुलिस टीम का विरोध

महिलाओं के पेड़ पर चढ़ने से मचा हड़कंप, पुलिस-प्रशासन से हुई नोकझोंक; एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

चंपावत।
जिला मुख्यालय के जूप क्षेत्र में शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर भूमि पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं पेड़ पर चढ़ गईं और आत्मदाह की धमकी देने लगीं। इससे मौके पर करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

कोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ संबंधित भूमि पर कब्जा दिलाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। उनका कहना था कि उन्हें भूमि की कुर्की और नीलामी की कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई।

महिलाओं के पेड़ पर चढ़ने और आत्मदाह का प्रयास करने की सूचना पर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिलाओं और ग्रामीणों को समझाया। काफी प्रयास के बाद महिलाओं को पेड़ से नीचे उतारा गया।

ग्रामीण प्रेम सिंह, नंदन सिंह, खीम सिंह, रूप सिंह और प्रह्लाद सिंह आदि ने बताया कि उन्होंने करीब 50 वर्ष पूर्व उक्त भूमि खरीदी थी। दाखिल-खारिज समेत अन्य राजस्व प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उनका दावा है कि वे लंबे समय से भूमि पर खेती करते आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भूमि के एक नाली पांच मुट्ठी हिस्से को चरस तस्करी के मामले में सजा काट रहे हेमराज बोहरा ने कोर्ट में जमानत के लिए लगाया था। जमानत की राशि जमा नहीं होने पर कोर्ट के आदेश से उक्त भूमि की नीलामी की गई।

शेयर करे