August 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

बनबसा में हिस्ट्रीशीटर खक्का पर SOG का शिकंजा, 25 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

Dukan Ad
Dukan Ad

बनबसा में हिस्ट्रीशीटर पर SOG का शिकंजा, 25 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

बनबसा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंपावत पुलिस की SOG टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनबसा क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर को 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले से आबकारी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक, नेपाली और भारतीय मुद्रा भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम पंपापुर से नई बस्ती की ओर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सौरव यादव उर्फ खुक्का को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपित की बाइक भी कब्जे में ले ली। इसके अलावा उसके पास से 1,500 नेपाली मुद्रा और 1,900 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुए। आरोपित के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सौरव यादव उर्फ खुक्का के खिलाफ वर्ष 2022 से 2026 तक आबकारी अधिनियम, बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल नासिर हुसैन, कांस्टेबल ललित चौधरी, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल रेखा भट्ट शामिल रहे।

पुलिस की अपील

चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आपातकालीन सेवा के लिए 112 और मानस हेल्पलाइन के लिए 1933 पर संपर्क किया जा सकता है।

शेयर करे