August 20, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

जिला अस्पताल में शुरू हुई 50 लाख रुपये की लागत से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, मरीज को नहीं लगानी पड़ेगी दूसरे जिले की दौड़

Dukan Ad
Dukan Ad

जिला अस्पताल में शुरू हुई ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट
…50 लाख रुपये की लागत से स्थापित

चम्पावत। जिला चिकित्सालय चम्पावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय समेत जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत उनके लिए कर्मभूमि है और यहां की जनता परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि नई सुविधा शुरू होने से दुर्घटना, प्रसव, सर्जरी और गंभीर मरीजों के उपचार में आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिलने में मदद मिलेगी।

यूनिट में दान किए गए रक्त को पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे विभिन्न घटकों में अलग किया जा सकेगा। मरीज की जरूरत के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एक यूनिट रक्त का अधिक प्रभावी उपयोग संभव होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी चल रहा है।

दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगी राहत

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। रक्त घटकों के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होगी और आपात स्थिति में समय की बचत होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि यह सुविधा जिले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी। उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

कैबिनेट मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुबोध उनियाल ने यूनिट की शुरुआत को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए चम्पावत वासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे