फुलार गांव रामलीला में इस बार महिला पात्र भी निभाएंगी भूमिका
5 सितंबर से शुरू होगी तालीम, राम बारात और झांकी के आयोजन का भी निर्णय
चम्पावत। फुलार गांव श्री राम सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति की बैठक बुधवार को समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी रामलीला आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामलीला का आयोजन 10 दिनों से बढ़ाकर अधिक अवधि तक किया जाएगा। रामलीला के दौरान शाम 8 से 8:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और 8:30 से रात 11 बजे तक रामलीला का मंचन होगा। दिन में बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, पोस्टर प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में इस वर्ष राम बारात और झांकी निकालने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए आयोजन की जिम्मेदारी संभालने वाली टीम का गठन किया गया। वहीं, रामलीला के मंचन को और आकर्षक बनाने के लिए दिल्ली से नए वस्त्र एवं पर्दे लाने तथा राजदरबार आदि के मंचों को फ्लेक्स बोर्ड और अन्य सजावटी सामग्री से भव्य रूप देने का प्रस्ताव पारित किया गया।
एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत इस वर्ष रामलीला में कुछ महिला कलाकारों को भी पात्रों की भूमिका निभाने का अवसर दिया जाएगा। रामलीला की तालीम 5 सितंबर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। तालीम के निर्देशन की जिम्मेदारी पुरुष चंद्र मेहर, मुकेश पचौली और अशोक बिष्ट को दी गई है।
बैठक में मीडिया प्रभारी के रूप में संजय रावत और मुकेश पचौली को जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रामलीला को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने पर सहमति जताई।

More Stories
सड़क खोदी, मिट्टी डाली और जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया
शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी, चालक गिरफ्तार; वाहन सीज
मंजुल शर्मा के आकस्मिक निधन से बाराकोट में शोक की लहर