देशभक्ति की धुनों से गूंजा चम्पावत बस स्टैंड
ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता का आह्वान
चम्पावत, 09 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को चम्पावत बस स्टैंड में हर घर तिरंगा एवं वन्दे मातरम् अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की ओर से विशेष ब्रास बैंड प्रदर्शन किया गया। देशभक्ति की धुनों से बस स्टैंड परिसर गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा एवं वन्दे मातरम् अभियान से जुड़कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
सीमांत मुख्यालय एसएसबी रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने वन्दे मातरम् की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद मेरे वतन के लोगों, कदम-कदम बढ़ाए जा, विजय धुन ताकत वतन की, रंग दे बसंती चोला और सारे जहां से अच्छा जैसी देशभक्ति की धुनों ने लोगों में जोश भर दिया। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पंचम वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कार्मिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया।
इस दौरान डॉ. विशाल बरनवाल, करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा सहित जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यटन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एसएसबी जवान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

More Stories
देवीधुरा वन क्षेत्र में मादा गुलदार के शावक का सुरक्षित रेस्क्यू, वन विभाग ने दिखाई मुस्तैदी
बाराकोट: ग्राम सभा पम्दा के उप ग्राम प्रधान मनमोहन टम्टा(49) का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
स्वरोजगार से सम्मान तक: लोहाघाट में महिला सम्मेलन, एक हजार से अधिक महिलाएं सम्मानित