September 14, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

महिला समूह की फूड कैंटीन शुरू, डीएम ने किया शुभारंभ एनआरएलएम के सहयोग से मिली आर्थिक मजबूती, स्वरोजगार की राह पर बढ़ीं महिलाएं

Dukan Ad
Dukan Ad

महिला समूह की फूड कैंटीन शुरू, डीएम ने किया शुभारंभ
एनआरएलएम के सहयोग से मिली आर्थिक मजबूती, स्वरोजगार की राह पर बढ़ीं महिलाएं

चम्पावत, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महिला सशक्तिकरण की एक और पहल हुई है। विकास भवन परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं सहायता समूह की ओर से संचालित फूड कैंटीन का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत डाड़ाबीस्ट निवासी रितु कुलेठा को अनटायड फंड से 65 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्होंने फूड कैंटीन की स्थापना की। जिलाधिकारी ने फीता काटकर कैंटीन का उद्घाटन किया और महिला उद्यमी के प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज आत्मनिर्भर भारत की मजबूत पहचान बन रही हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर सम्मानजनक स्वरोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने महिलाओं से समाज में प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने के लिए लगातार सहयोग दिया जा रहा है और भविष्य में भी हरसंभव सहायता मिलती रहेगी।

इस दौरान विकास भवन के अधिकारी, एनआरएलएम से जुड़े कार्मिक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य लोग मौजूद रहे। महिला समूहों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि सरकारी सहयोग से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

केलपाल बाबा समूह बना मिसाल

एनआरएलएम के तहत गठित केलपाल बाबा स्वयं सहायता समूह भी महिला उद्यमिता की सफल मिसाल बनकर उभरा है। समूह की सदस्य पार्वती ‘पार्वती टिफिन सर्विस’ के साथ विभिन्न आयोजनों में कैटरिंग सेवाएं भी दे रही हैं। समूह को गतिविधियों के विस्तार के लिए रिवॉल्विंग फंड से 25 हजार और सीआईएफ फंड से 75 हजार रुपये की सहायता मिली है, जिससे समूह की आय बढ़ने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।

शेयर करे