July 29, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

देवीधार में आस्था का सैलाब, तीन गांवों की देवी रथ यात्राओं ने की मंदिर की परिक्रमा हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती और महाकाली के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

देवीधार में आस्था का सैलाब, तीन गांवों की देवी रथ यात्राओं ने की मंदिर की परिक्रमा
हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती और महाकाली के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

लोहाघाट (चंपावत)। नगर से सटे देवीधार स्थित मां भगवती मंदिर में आयोजित देवी महोत्सव का समापन बुधवार को धार्मिक आस्था और उल्लास के बीच हुआ। रायनगर चौड़ी, कलीगांव और डेंसली गांवों से निकली मां भगवती व मां महाकाली की रथ यात्राएं देवीधार मंदिर पहुंचीं और मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

बुधवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दोपहर बाद सबसे पहले रायनगर चौड़ी से देवी रथ मंदिर पहुंचा। डोले में मां भगवती के रूप में हरीश कापड़ी व गीता देवी तथा मां महाकाली के रूप में राधिका देवी विराजमान थीं। इसके बाद दुर्गम पहाड़ी मार्ग पार कर कलीगांव का रथ पहुंचा, जिसमें मां भगवती के रूप में नारायण पुजारी और महाकाली के रूप में हरु देवी सवार थीं। अंत में डेंसली गांव से पहुंचे देवी रथ में भगवती के देवडांगर करण देउपा तथा महाकाली के रूप में रतन सिंह श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते रहे।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। देवीधार विकास समिति के अध्यक्ष जीवन मेहता ने महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।

अखिलतारिणी धाम में गुरु पूर्णिमा पर निकली देवी रथ यात्रा

लोहाघाट। विकासखंड लोहाघाट के दिगालीचौड़ स्थित मां अखिलतारिणी धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देवी रथ यात्रा निकाली गई। सुबह पंडित संजय पांडेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। दोपहर बाद निकली रथ यात्रा में मां कालिका के रूप में आभा सिंह तथा मां भगवती के रूप में शिवराज और उल्का देवी के रूप में बाबूलाल श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते रहे। मेले में लोहाघाट, टनकपुर और नायकगोठ सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि आने वाले वर्षों में मेले को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

शेयर करे

You may have missed