संवाददाता, चंपावत/देहरादून। चंपावत जिले की ग्राम पंचायत सिमल्टा कांडा की वीर बेटी किरण पांडेय को अपने पिता की जान बचाने में अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
गौरतलब है कि 17 जुलाई 2026 की देर रात चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर सिमल्टा गांव में 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे घर में टीवी देख रहे थे। तभी तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उस समय कुछ दिनों के लिए मायके आई उनकी बेटी किरण पांडेय ने बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए से भिड़कर पिता को उसके चंगुल से छुड़ाया। इतना ही नहीं, उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद किरण पांडेय की बहादुरी की पूरे प्रदेश में सराहना हुई। उनके साहसिक कार्य के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी उन्हें सम्मानित किया था।
देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किरण पांडेय ने कठिन परिस्थितियों में जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह समाज के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और बहादुरी से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
वीर बेटी के सम्मानित होने पर ग्राम पंचायत सिमल्टा कांडा के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन तथा वन विभाग का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि किरण पांडेय का सम्मान पूरे चंपावत जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। किरण को सम्मानित किए जाने पर ग्राम प्रधान गिरीश पालीवाल ने जिलाधिकारी मनीष कुमार और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई गई और बहादुर बेटी का सम्मान भी हुआ है।



More Stories
देवीधार में आस्था का सैलाब, तीन गांवों की देवी रथ यात्राओं ने की मंदिर की परिक्रमा हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती और महाकाली के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
एक माह अग्निवीर की ट्रेनिंग कर चुका युवक स्मैक तस्करी में गिरफ्तार, चम्पावत पुलिस ने एक करोड़ की हेरोइन के साथ दो को दबोचा
गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री का संदेश मानेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा