ज्ञान केंद्र बना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई पाठशाला, डीएम ने की सराहना
चम्पावत, 28 जुलाई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सो का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का विशेष रूप से निरीक्षण करते हुए इसे विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन और पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कक्षा 10 की छात्रा पूजा भट्ट ने बताया कि ज्ञान केंद्र बनने से पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी काफी मदद मिल रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान का पाठ पढ़ाया और हड़प्पा सभ्यता की रोचक जानकारी दी। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित विद्यार्थियों के घर जाकर उनकी अनुपस्थिति का कारण पता करें और ड्रॉपआउट रोकने के लिए विशेष प्रयास करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और कक्षाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकता है और ज्ञान केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

More Stories
ऑरेंज अलर्ट के चलते चम्पावत में बुधवार को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
चंपावत में ‘जैक्लीन नाशपाती’ की सफल खेती, किसानों के लिए बनी नई उम्मीद
15 साल की उम्र में शादी, 7 साल तक पति ने बनाया बंधक… जनसुनवाई में छलका चंपावत की बेटी का दर्द