September 11, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

चंपावत में ‘जैक्लीन नाशपाती’ की सफल खेती, किसानों के लिए बनी नई उम्मीद

Dukan Ad
Dukan Ad

चंपावत में ‘जैक्लीन नाशपाती’ की सफल खेती, किसानों के लिए बनी नई उम्मीद

चंपावत। जनपद चंपावत में नाशपाती की विशेष प्रजाति ‘जैक्लीन नाशपाती’ (Jacqueline Pear) की सफल खेती ने बागवानी के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। स्थानीय स्तर पर किए गए इस नवाचार से न केवल फल उत्पादन को बढ़ावा मिला है, बल्कि किसानों के लिए आय के नए अवसर भी बनने लगे हैं।

विकासखंड पाटी के ग्राम मरौली (कालूखान) निवासी प्रगतिशील किसान श्री भुवन चंद्र पंगरिया ने पहली बार जैक्लीन नाशपाती की खेती कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यह प्रजाति सामान्य नाशपाती की तुलना में आकार में काफी बड़ी होती है। इसके स्वाद की विशेषता यह है कि इसका जायका ग्रीन एप्पल (हरे सेब) जैसा होता है, जिसे अत्यंत स्वादिष्ट माना जाता है।

भुवन चंद्र पंगरिया ने बताया कि उनके पहले ही पेड़ से लगभग डेढ़ से दो क्विंटल तक फल का उत्पादन प्राप्त हुआ, जो इस प्रजाति की उच्च उत्पादन क्षमता को दर्शाता है।

इस सफलता के बाद श्री पंगरिया ने जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार से भेंट कर चंपावत में जैक्लीन नाशपाती की खेती को बड़े स्तर पर प्रोत्साहित करने और किसानों को इसके पौधे उपलब्ध कराने तथा आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।

उन्होंने बताया कि अब इस विशेष प्रजाति के पौधों का अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसकी खेती अपनाकर बेहतर उत्पादन और अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकें।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जैक्लीन नाशपाती की खेती को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा दिया जाए, तो चंपावत जनपद उच्च गुणवत्ता वाली नाशपाती उत्पादन के लिए एक नई पहचान स्थापित कर सकता है।

शेयर करे