मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी ‘खेल महाकुंभ 2026-27’ की तैयारियों को लेकर एडीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चंपावत।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी ‘खेल महाकुंभ 2026-27’ के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए खेल प्रतियोगिताओं के दौरान स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल स्थल पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा।
उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को खेल मैदानों की नियमित साफ-सफाई तथा जल संस्थान को टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने बताया कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं एवं दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ने, नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण तथा ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ का आयोजन त्रिस्तरीय स्वरूप में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 1 से 10 सितंबर 2026 तक न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाएं कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग करेंगे।
द्वितीय चरण में 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर ‘विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ आयोजित होगी, जिसमें चयनित खिलाड़ी कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और पिट्टू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर ‘सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें मलखम्ब, रस्साकशी और गोली जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए सीधे राज्य स्तर पर ओपन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, हॉकी, योगासन, लॉन टेनिस एवं बेसबॉल प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुंभ में बेसबॉल और लॉन टेनिस को नई खेल विधाओं के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद चम्पावत की 24 न्याय पंचायतों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह, जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा, कोतवाल बी.एस. बिष्ट (वीसी के माध्यम से), सभी नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
आरक्षित वन क्षेत्र में पत्थर तोड़ने से रोका तो वन दरोगा पर हमले का प्रयास, दो नामजद समेत 10 पर मुकदमा
लोहाघाट उप जिला अस्पताल बना सियासत का अखाड़ा, डॉक्टरों की तैनाती स्थानांतरण रोकने श्रेय लेने को लेकर बयान बाजी
जनसुझावों के आधार पर तैयार होगा मास्टर प्लान-2041, नजूल भूमि पर डीएम ने स्थिति की स्पष्ट