चम्पावत के गजेन्द्र जोशी बने उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष
PVSM से सम्मानित सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल को मिली अहम संवैधानिक जिम्मेदारी, जिले में खुशी की लहर
चम्पावत, 14 जुलाई। चम्पावत जिले के लटोली गांव निवासी एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेन्द्र जोशी को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है। इसे चम्पावत ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए सम्मानजनक उपलब्धि माना जा रहा है।
संविधान के अनुच्छेद 316(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल ने लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेन्द्र जोशी को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से छह वर्ष अथवा 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल गजेन्द्र जोशी ने भारतीय सेना में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व, साहस और राष्ट्रसेवा का परिचय दिया। सैन्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें हाल ही में 29 जून 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के सर्वोच्च सैन्य अलंकरणों में शामिल परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से भी अलंकृत किया जा चुका है।
सेना में गौरवपूर्ण सेवाओं के बाद अब उन्हें राज्य की सर्वोच्च संवैधानिक भर्ती संस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक अनुभव, निष्पक्ष कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता का सम्मान माना जा रहा है।
चम्पावत के वीरभूमि लटोली गांव से निकलकर सेना के शीर्ष पदों तक पहुंचने और अब उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष बनने की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
उनकी नियुक्ति पर जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों तथा जिले के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी बनेगी।

More Stories
भव्य कलश यात्रा के साथ ऋषेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू
उपकेंद्रों के 391 पद बहाल करने व पदोन्नत वेतनमान की मांग, फार्मासिस्ट संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
भूस्खलन के बाद टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर यातायात बहाल