मनरेगा कर्मचारियों ने मुख्य सचिव से लगाई स्थायीकरण की गुहार, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन
देहरादून। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबीजी-रामजी) के अंतर्गत कार्यरत पूर्व मनरेगा कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात कर स्थायीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को बताया कि इसी वर्ष जनवरी में भी इस संबंध में ज्ञापन दिया गया था, जिस पर विभागीय कार्रवाई अभी प्रचलित है। कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से संविदा एवं मानदेय के आधार पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका समायोजन और स्थायीकरण नहीं हो सका है। न्यूनतम मानदेय के कारण कर्मचारियों को आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी संगठन ने मांग की कि वीबीजी-रामजी मिशन के अंतर्गत कार्यरत कार्मिकों के पद सृजित कर उनका राजकीय स्थायीकरण किया जाए। इस पर मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में विभाग को पुनः आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और कर्मचारियों के समायोजन की प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष हरिप्रसाद लेखवार, अनूप नेगी, सुधीर विजलवान, दीपेंद्र रावत, सचिन नौटियाल सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

More Stories
भव्य कलश यात्रा के साथ ऋषेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू
उपकेंद्रों के 391 पद बहाल करने व पदोन्नत वेतनमान की मांग, फार्मासिस्ट संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
भूस्खलन के बाद टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर यातायात बहाल