July 14, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

मूलाकोट में अवैध खनन व बिना रवन्ने पत्थरों से दीवार निर्माण का आरोप, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

 

मूलाकोट में अवैध खनन व बिना रवन्ने पत्थरों से दीवार निर्माण का आरोप, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

चम्पावत। जनपद के पाटी विकासखंड के मूलाकोट क्षेत्र में कथित अवैध खनन और बिना वैध रवन्ने के पत्थरों का उपयोग कर दीवार निर्माण किए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। मामले में राजस्व, खनन, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), वन विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को ग्राम मूलाकोट निवासी सुंदर सिंह अधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम मूलाकोट के निकट कांडे–मज्याप मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायतकर्ता सहित अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण में मोटर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर कटान एवं पत्थरों के उत्खनन के निशान मिले। साथ ही मार्ग से लगी भूमि पर दीवार निर्माण कार्य भी पाया गया। शिकायतकर्ता और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कार्य केसर सिंह अधिकारी द्वारा कराया गया है। अधिकारियों ने शिकायतकर्ता व अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान तैयार फर्द के अनुसार लगभग 204.80 घन मीटर भूमि में अवैध कटान तथा बिना वैध रवन्ने के 168.06 घन मीटर पत्थरों का उपयोग कर दीवार निर्माण किए जाने की बात सामने आई है। निरीक्षण रिपोर्ट पर मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं गवाहों के हस्ताक्षर भी कराए गए हैं।

हालांकि, मामले में तहसीलदार पाटी से मामले में कार्रवाई की जानकारी लेने का प्रयास किया , लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं प्रभारी खान अधिकारी डॉ. हरीश बिष्ट ने जांच एवं कार्रवाई की पुष्टि की, लेकिन विस्तृत जानकारी देने में असमर्थता जताते हुए बताया कि वह अभी वाहन चला रहे हैं।

शेयर करे