July 13, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

जनता मिलन में उमड़ी समस्याएं, 82 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

जनता मिलन में उमड़ी समस्याएं, 82 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण
सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, 10 पात्रों के बने आयुष्मान कार्ड

चम्पावत, 13 जुलाई। सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं रखीं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में रोजगार, सड़क, पेयजल, शौचालय, भूमि विवाद, सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, सुरक्षा दीवार, जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा सहित विभिन्न जनसमस्याएं सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. खाती और अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोहाघाट के वल्सो निवासी मनोज सिंह की सड़क सुधारीकरण संबंधी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सेल सलपड़ निवासी किशन सिंह की आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन की समस्या के समाधान के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देशित किया गया।

ग्राम सिमियाउरी के अमन सिंह द्वारा बिजली के खंभों और लटकते तारों की शिकायत पर यूपीसीएल को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। नागनाथ वार्ड के कमल जोशी व अन्य नागरिकों की नाला निर्माण की मांग पर नगर पालिका और संबंधित विभाग को सर्वे कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बाराकोट के रैघाव गांव की नेहा देवी की गाय एवं बकरी पालन योजना का लाभ दिलाने की मांग पर पशुपालन विभाग को पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने को कहा गया। अमोड़ी क्षेत्र के वैला गांव निवासी रमेश राम की पेयजल पाइपलाइन सुधार की मांग पर जल संस्थान को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चौड़ाख्याली की विद्या देवी द्वारा दिव्यांग पेंशन की मांग पर समाज कल्याण विभाग को शिविर लगाकर पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। जैतोली के कृष्णानंद की पीएमजीएसवाई सड़क कटिंग भुगतान संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता को जांच कर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।

धामीसौन निवासी सुशीला देवी की किसान पेंशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मांग पर संबंधित विभागों को पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। विविल गांव के खुशाल सिंह सामंत की सोलर लाइट लगाने की मांग पर उरेडा तथा कोयाटी सैन्दर्क के पनी राम की ओपन जिम एवं पंचायत भवन पुनर्निर्माण की मांग पर युवा कल्याण और पंचायतीराज विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. खाती ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

सेवा पखवाड़ा के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में 10 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करे