July 12, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

45 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ धाम के लिए रवाना, दर्जा राज्य मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

चंपावत। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जनपद चम्पावत से 45 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए रविवार को रवाना हुआ। वन एवं पर्यावरण दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने स्थानीय मुख्य बस स्टेशन परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बस स्टेशन परिसर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं का जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।

प्रस्थान से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।

विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने भी यात्रा को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को निकट से जानने का अवसर प्राप्त होगा।

बाबा सोमनाथ के जयघोष और शुभकामनाओं के बीच श्रद्धालुओं का दल अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।  इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बोहरा, भाजपा मीडिया संयोजक राजू गढ़कोटी, जिला पर्यटन अधिकारी सानू प्रकाश सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करे