संतोला डेंजर जोन में मलबा आने से सवा पांच घंटे बंद रहा एनएच, कैंटर फंसा, लंबा जाम
चंपावत/लोहाघाट। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को संतोला डेंजर जोन में भारी मलबा और बोल्डर आने से करीब सवा पांच घंटे तक बंद रहा। अपराह्न करीब 2 बजे पहाड़ी से आए मलबे की चपेट में एक कैंटर वाहन फंस गया, जिसके चलते राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
राजमार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बड़ी संख्या में यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। इस दौरान टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीजों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि एनएच विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं सफाई कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 7:15 बजे मलबे में फंसे कैंटर को हटाया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराया जा सका। प्रशासन ने बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

More Stories
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने की बैठक सीमा पार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर दिया जोर
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 13 लोगों का चालान
मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने उठाईं पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगें, द्वादश द्विवार्षिक अधिवेशन में पहुंचे डीएम