July 11, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

चम्पावत में बिजली ढांचे को मिलेगी मजबूती, यूपीसीएल एमडी ने परियोजनाओं की समीक्षा की

चम्पावत में बिजली ढांचे को मिलेगी मजबूती, यूपीसीएल एमडी ने परियोजनाओं की समीक्षा की

   अमोड़ी और ललुवापानी में नए विद्युत उपकेंद्र, पूर्णागिरि मार्ग पर स्ट्रीट लाइट व भूमिगत विद्युत लाइन के कार्यों में तेजी के निर्देश

चम्पावत, 11 जुलाई। सीमांत क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को चम्पावत का दौरा कर विद्युत व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक ने भ्रमण के दौरान पहले हल्द्वानी में कुमाऊँ मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता सुविधाओं और विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद चम्पावत में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले की विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने, दूरस्थ तोकों के विद्युतीकरण तथा चम्पावत मुख्य बाजार में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजनाओं की समीक्षा की गई।

दौरे के दौरान प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भी मुलाकात की। जिलाधिकारी ने अमोड़ी एवं ललुवापानी में प्रस्तावित दोनों विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए विशेष रूप से मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट परियोजना को 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएंगे।

     बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, आनंद अधिकारी एवं चंदन बोहरा ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर यूपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) एस.के. टम्टा, मुख्य अभियंता एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करे