July 7, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

खूनाबोरा में प्रशासन गांव की चौखट पर, सेवा पखवाड़ा शिविर में 109 लोगों को मिला लाभ

संवाददाता चंपावत ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित सेवा पखखवाड़ा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत  खूनाबोरा में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

     शिविर में 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। कुल 109 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। चिकित्सा विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, आयुष विभाग ने होम्योपैथिक उपचार एवं दवाइयों का वितरण किया, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को तकनीकी जानकारी एवं कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण-पत्र जारी करने, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित कई जनसेवाओं का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना से वंचित न रखा जाए।

शिविर में ग्रामीणों से विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित करीब 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, विद्युत, सड़क, पुल एवं कलवर्ट निर्माण, पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण, विद्यालयों में फर्श निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों की मांग शामिल रही। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम पाटन-पाटनी की ममता ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण-पत्र बनाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान जीवन सिंह बिष्ट ने ग्राम बलाई स्थित मां भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार और ओपन जिम की स्थापना का प्रस्ताव रखा। वहीं ग्राम बसान की प्रधान राधिका देवी ने खालगड़ा-कोट-बसान मोटर मार्ग के मरम्मत एवं डामरीकरण की मांग उठाई, जिस पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में ‘अपना स्कूल, अपनी जमीन’ अभियान के तहत विद्यालय की भूमि का मालिकाना हक दिलाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। साथ ही वर्ष 2008 से बाधित पेयजल योजना को पुनः संचालित करने तथा ऋषिकेश्वर मंदिर में रेलिंग और टिन शेड निर्माण की मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिन मामलों में शासन स्तर पर निर्णय अपेक्षित होगा, उन्हें प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन महेश बोरा (भय्यु) किया ।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री मुकेश मेहराना, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पाण्डेय, प्रदेश भाजपा मंत्री निर्मल मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, चंद्रशेखर बगोली, सचिन जोशी, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करे