मंदिरों में चंदा घोटाले के आरोप को लेकर कांग्रेस ने गोल्ज्यू मंदिर में रखा उपवास, न्याय की लगाई गुहार
चंपावत। राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित न्याय के देवता गोल्ज्यू मंदिर में उपवास रखा। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गोल्ज्यू देवता के समक्ष न्याय की गुहार लगाते हुए सांकेतिक अर्जी भी लगाई। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि भाजपा सरकार एक ओर धर्म और आस्था की बात करती है, वहीं दूसरी ओर मंदिरों में चढ़ावे और दान राशि के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
चिराग फर्त्याल ने कहा कि राम मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा आस्था के साथ दिया गया दान पूरी पारदर्शिता से उपयोग होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदे के नाम पर बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मंदिरों के चढ़ावे और दान में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
उपवास कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री निर्मला गहतोड़ी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष महर, दिग्विजय कार्की, उमेश शर्मा, नीरज वर्मा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More Stories
खूनाबोरा में प्रशासन गांव की चौखट पर, सेवा पखवाड़ा शिविर में 109 लोगों को मिला लाभ
मूलभूत सुविधाएं नहीं, फिर भी 31 गांवों को महायोजना में शामिल करने का विरोध
यूपीसीएल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, अधिशासी अभियंता समेत छह कर्मचारी मिले गायब