संवाददाता लोहाघाट।
प्रदेश सरकार के ‘अतिक्रमण मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत बुधवार को लोहाघाट में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में डाक बंगला रोड तथा सिद्धेश्वर बारात घर के समीप सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश तथा उप जिलाधिकारी नीतू डांगर के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने डाक बंगला रोड पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया। इसके अलावा सिद्धेश्वर बारात घर के नीचे सरकारी भूमि पर बने पक्के और कच्चे अतिक्रमण भी ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान सड़कों और पैदल मार्गों को संकरा करने वाले अवैध ढांचों को भी हटाया गया, जिससे आवागमन सुचारु हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि डाक बंगला रोड में कांग्रेस के बड़े नेता के समर्थक ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर टीन शेड बनाया गया था।
प्रशासन ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे दोबारा अतिक्रमण न करें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान तहसीलदार मोइन मलिक, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


More Stories
कूण में बहुउद्देशीय शिविर, 500 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
क्षय रोग उन्मूलन के लिए चंपावत में JOSH टीमों का शुभारंभ
उक्रांद ने चलाया जिला भ्रमण अभियान, कार्यकारिणी विस्तार पर दिया जोर