टनकपुर से 49 श्रद्धालु हुए रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा सीमांत
उत्तराखंड से संचालित कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ रविवार को टनकपुर से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी श्रद्धालुओं की सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री का पारंपरिक छोलिया नृत्य और पुलिस के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने यात्रियों को रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उनसे संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की खरीद कर स्थानीय लोगों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की।
प्रथम दल में चिकित्सक सहित कुल 49 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। दल में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के श्रद्धालु शामिल हैं। तमिलनाडु के डॉ. अरुण कुमार दल के चिकित्सक हैं। राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ और गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा यात्री हैं।
यात्रियों ने राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। शनिवार शाम टनकपुर पहुंचे पहले दल का छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा टनकपुर मार्ग से संचालित हो रही है। इससे सीमांत जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंडल आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, कुमाऊं मंडल विकास निगम के निर्देशक रोहित बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महाराना,जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी, ग्रेफ के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

#KailashMansarovarYatra #PushkarSinghDhami #Champawat #Tanakpur #Uttarakhand #HarHarMahadev #ReligiousTourism #DevbhoomiUttarakhand #KailashYatra #BreakingNews

More Stories
सेवा पखवाड़े का आगाज, पहले ही दिन 563 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
लोहाघाट अस्पताल में बुजुर्ग महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने ऑक्सीजन बाधित होने और जनरेटर न चलने का लगाया आरोप
चम्पावत ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम में फिर लहराया परचम, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान मई माह की रैंकिंग में 61.4 प्रतिशत अंक के साथ रहा अव्वल