बाघ के आतंक से स्कूल नहीं जा पा रहे थे बच्चे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने खुद संभाली जिम्मेदारी
कोलीढेक क्षेत्र के 40 से 45 छात्र-छात्राओं को सुबह गांव से विद्यालय तक पहुंचाया, अभिभावकों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
लोहाघाट। सुंई क्षेत्र में बाघ के आतंक के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इसका असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। बाघ की सक्रियता के कारण कोलीढेक क्षेत्र के करीब 40 से 45 छात्र-छात्राएं कई दिनों से विद्यालय नहीं जा पा रहे थे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों की परेशानी को देखते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने सराहनीय पहल की है।
जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज सुंई के विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस समस्या को लेकर बैठक बुलाई गई थी। बैठक में बताया गया कि बाघ के आतंक के चलते कोलीढेक क्षेत्र के 40 से 45 बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। बैठक में अभिभावकों से बातचीत के दौरान उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
इस पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि वह स्वयं बच्चों को गांव से विद्यालय तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। अपने वादे के अनुसार सचिन जोशी बुधवार सुबह कोलीढेक पहुंचे और वहां से छात्र-छात्राओं को एकत्र कर सुरक्षित विद्यालय तक पहुंचाया।
सचिन जोशी ने इस पहल को नर सेवा नारायण सेवा और सेवा परमो धर्मः की भावना से प्रेरित बताया। उनकी इस पहल से अभिभावकों को राहत मिली है। बाघ के आतंक के बीच बच्चों की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए की गई इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

More Stories
पीआरडी जवानों ने उठाई समान कार्य-समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग
शैलजा के सामने कांग्रेस की गुटबाजी का खुला प्रदर्शन, मुन्ना ढेक का खुला विरोध, अध्यक्ष को ना कुर्सी मिली ना बोलने का मौका
प्रदेश प्रभारी शैलजा के दौरे से पहले लोहाघाट कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर आई सामने, विधायक के खिलाफ लगे नारे