टनकपुर को रेल संपर्क की बड़ी सौगात, नांदेड एक्सप्रेस पीलीभीत सवारी गाड़ी शाहजहांपुर तक चलेगी
चम्पावत। सीमांत जनपद चम्पावत और टनकपुर क्षेत्र के लिए 6 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। टनकपुर से महाराष्ट्र के नांदेड तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ होगा, जबकि टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी का विस्तार अब शाहजहांपुर तक किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। वहीं टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा नई टनकपुर–नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, रेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहेंगे। वहीं टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।
लंबे समय से कुमाऊँ, विशेषकर चम्पावत और टनकपुर क्षेत्र के लोगों तथा सिख श्रद्धालुओं की तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड तक सीधी रेल सेवा की मांग रही थी। रेल मंत्रालय की स्वीकृति के बाद अब यह सेवा शुरू होने जा रही है।
नई रेल सेवाओं से चम्पावत सहित पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय कृषि एवं अन्य उत्पादों को नए बाजार मिलने से व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
चंपावत को रेल संपर्क की बड़ी सौगात, नांदेड एक्सप्रेस पीलीभीत सवारी गाड़ी शाहजहांपुर तक चलेगी

More Stories
कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी टनकपुर से 49 श्रद्धालु हुए रवाना, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा सीमांत
सेवा पखवाड़े का आगाज, पहले ही दिन 563 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
लोहाघाट अस्पताल में बुजुर्ग महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने ऑक्सीजन बाधित होने और जनरेटर न चलने का लगाया आरोप