लोहाघाट अस्पताल में बुजुर्ग महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने ऑक्सीजन बाधित होने और जनरेटर न चलने का लगाया आरोप
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने सरकार पर साधा निशाना, सीएमएस बोले—जनरेटर में तेल था, प्रथम दृष्टया वार्ड बॉय की लापरवाही आई सामने
लोहाघाट।
लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में शनिवार को एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद समय पर जनरेटर नहीं चलाया गया, जिससे ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई और उपचाराधीन महिला की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुई पऊ गांव निवासी 76 वर्षीय नंदा देवी पत्नी ईश्वरी दत्त का अस्पताल में उपचार चल रहा था। उनके पुत्र राजेश कुमार का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे बिजली चली गई। उनकी मां ऑक्सीजन सपोर्ट पर थीं, लेकिन बिजली गुल होने के बाद ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित हो गई। उन्होंने बताया कि जनरेटर चालू कराने के लिए उन्होंने अस्पताल कर्मियों से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें एक कर्मचारी से दूसरे कर्मचारी के पास भेजा जाता रहा। उनका आरोप है कि जनरेटर में तेल नहीं होने की बात कही गई और समय पर व्यवस्था नहीं होने से उनकी मां ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जनरेटर चालू हो जाता तो संभवतः उनकी मां की जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर जानकारी ली। विधायक ने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा मुख्यमंत्री के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मना रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में मरीजों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी सरकार की विफलता को दर्शाती है।
वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री एवं दर्जा मंत्री सुभाष बगौली ने भी मामले को गंभीर बताते हुए लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही।
उधर, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. विराज राठी ने परिजनों के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अस्पताल के जनरेटर में पर्याप्त डीजल उपलब्ध था। उन्होंने बताया कि मृतका पैरालिसिस सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं और करीब 20 दिन पहले भी अस्पताल में भर्ती रही थीं। उनके अनुसार प्रथम दृष्टया वार्ड बॉय की लापरवाही सामने आई है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लोहाघाट अस्पताल में बुजुर्ग महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने ऑक्सीजन बाधित होने और जनरेटर न चलने का लगाया आरोप

More Stories
सेवा पखवाड़े का आगाज, पहले ही दिन 563 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
चम्पावत ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम में फिर लहराया परचम, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान मई माह की रैंकिंग में 61.4 प्रतिशत अंक के साथ रहा अव्वल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व धारचूला विधायक का भाजपा ने फूंका पुतला