June 29, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाएंगे : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 

चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाएंगे : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ

चम्पावत । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में जनपद को उत्तराखंड का मॉडल जिला बनाने का संकल्प दोहराते हुए ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया और बस स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से प्रस्तावित नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं चम्पावत के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला साबित होंगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत जनपद में जिम कॉर्बेट से जुड़े ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वच्छाग्रहियों, शिक्षकों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में चम्पावत तेजी से नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर और प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र के निर्माण की दिशा में भी कार्य तेजी से चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी। इनसे युवाओं को बेहतर अवसर, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को समृद्धि, व्यापार को नई गति और पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विकास परियोजनाओं के लिए जनपदवासियों को बधाई देते हुए विकास यात्रा में जनसहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने रविंद्र सिंह तड़ागी के पुत्र मानवेंद्र सिंह तड़ागी द्वारा खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करे