June 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

कांग्रेस परिवर्तन संकल्प सम्मेलन: 2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान, सरकार पर बरसे गणेश गोदियाल

कांग्रेस परिवर्तन संकल्प सम्मेलन: 2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान, सरकार पर बरसे गणेश गोदियाल
चंपावत। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को चंपावत से कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने गोल्ज्यू मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चंपावत विधानसभा सीट का प्रदेश की राजनीति में विशेष महत्व रहा है और जब-जब यहां कांग्रेस को जीत मिली है, तब-तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर और चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही खनन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर के निर्माण कार्यों के ठेके बाहरी कंपनियों को दिए गए, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। उनका कहना था कि सरकार चाहती तो इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता था। कार्यक्रम का संचालन अशोक वर्मा ने किया।  सम्मेलन में विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, पूरन कठायत, विनोद बडेला, विपिन जोशी, बिमला महरा, मनीष महार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शेयर करे