टैक्सी चालक को जूतों की माला पहनाने के मामले में चारों आरोपितों को जमानत
चम्पावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी चालक के साथ कथित मारपीट और जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने के चर्चित मामले में विशेष सत्र न्यायालय (एससी/एसटी एक्ट) ने चारों आरोपितों की जमानत अर्जी मंजूर कर ली है। न्यायालय ने प्रत्येक आरोपित को एक-एक लाख रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र तथा समान राशि के दो-दो जमानती प्रस्तुत करने की शर्त पर जमानत प्रदान की है।
मामले में विशेष सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार संगल ने 24 जून को जमानत प्रार्थना-पत्रों पर सुनवाई के बाद 25 जून को आदेश सुनाया। हरीश सिंह बोहरा ने 17 जून को, जबकि सोबन सिंह, वीरेंद्र सिंह बोहरा और मोहन चंद ने 20 जून को जमानत के लिए आवेदन किया था।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, 10 जून को गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा निवासी एक टैक्सी चालक दिल्ली के लिए सवारी लेकर जा रहा था। आरोप है कि देवराड़ी बैंड के पास चार टैक्सी चालकों ने उसे रोक लिया, उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा कम किराए पर सवारी ले जाने से नाराज होकर उसे जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पीड़ित चालक की तहरीर पर 12 जून को चारों आरोपितों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, आईटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने हरीश सिंह बोहरा को 14 जून, वीरेंद्र सिंह बोहरा और मोहन चंद को 15 जून तथा सोबन सिंह को 18 जून को गिरफ्तार किया था।
बचाव पक्ष का पक्ष
आरोपित हरीश सिंह बोहरा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राजेंद्र पांडे ने बताया कि जमानत सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने न्यायालय के समक्ष यह तर्क रखा कि घटना के समय हरीश सिंह बोहरा देवराड़ी बैंड पर मौजूद नहीं थे तथा प्रकरण में जातिगत उत्पीड़न का तत्व नहीं बनता। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद जमानत मंजूर कर दी।
नोट: जमानत मिलने का अर्थ आरोपों से दोषमुक्त होना नहीं है। मामले का अंतिम निर्णय साक्ष्यों और न्यायालय में चल रही सुनवाई के आधार पर होगा।

More Stories
यूपीएससी में चम्पावत के अनिल कोठारी का शानदार प्रदर्शन, वैज्ञानिक पद पर हासिल की सातवीं रैंक
चंपावत में अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान, सात चालान
शारदा नदी में डूबे दो चचेरे भाइयों में से एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी