लोहाघाट टैक्सी विवाद: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, किराया वसूली की भी होगी जांच
संवाददाता चम्पावत ।
लोहाघाट क्षेत्र में टैक्सी चालकों के बीच हुए विवाद और अभद्रता की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के संबंध में शुक्रवार को जागरूक नागरिकों एवं पीड़ित पक्ष के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आरोपितों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रहा है। उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अराजकता फैलाने या किसी व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के प्रति प्रशासन की नीति शून्य सहनशीलता की है।
मामले के मद्देनजर जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न रूटों, विशेषकर दिल्ली और देहरादून मार्गों पर संचालित व्यावसायिक वाहनों के किरायों की सघन जांच के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि टैक्सी संचालन के नाम पर मनमानी किराया वसूली, अवैध वसूली, गुटबाजी अथवा यात्रियों और वाहन चालकों के उत्पीड़न जैसी शिकायतें मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लोहाघाट टैक्सी विवाद: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, किराया वसूली की भी होगी जांच.. डीएम मनीष कुमार

More Stories
जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का मामला: चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी
कांग्रेस विधायक अधिकारी के बयान के बाद पाटी चुनाव में निर्दलीय अध्यक्ष पद पर जीतने वाले नारायण लाल बोले— मैं सीएम धामी का सेवक
पाटी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा हारी पर जीत गए पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल