जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का मामला: चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी
संवाददाता लोहाघाट (चम्पावत)।
लोहाघाट के देवराड़ी बैंड क्षेत्र में एक अनुसूचित जाति के टैक्सी चालक के साथ कथित मारपीट और जूतों की माला पहनाकर अपमानित किए जाने के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। अनुसूचित वर्ग के लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार डूंगरा बोरा निवासी टैक्सी चालक प्रेम राम पुत्र नैन राम ने लोहाघाट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बुधवार को वह यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान देवराड़ी बैंड के पास कुछ टैक्सी चालकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि यात्रियों से कम किराया लेने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई तथा जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पीड़ित के परिजनों, ग्रामीणों तथा अनुसूचित वर्ग के लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानव गरिमा और सामाजिक सम्मान पर हमला बताया।
शुक्रवार को मूल निवासी संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पीड़ित चालक के साथ लोहाघाट थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने परिवहन विभाग से भी दिल्ली रूट पर संचालित टैक्सियों के किराया निर्धारण और वसूले जा रहे भाड़े की जांच कराने की मांग उठाई।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर लोहाघाट पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए चार नामजद आरोपियों वीरेंद्र सिंह, सोहन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला गंभीर प्रकृति का है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि अन्य लोग भी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, अनुसूचित वर्ग के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। घटना की क्षेत्रभर में चर्चा है और सोशल मीडिया पर भी आरोपी पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का मामला: चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी

More Stories
लोहाघाट टैक्सी विवाद: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, किराया वसूली की भी होगी जांच.. डीएम मनीष कुमार
कांग्रेस विधायक अधिकारी के बयान के बाद पाटी चुनाव में निर्दलीय अध्यक्ष पद पर जीतने वाले नारायण लाल बोले— मैं सीएम धामी का सेवक
पाटी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा हारी पर जीत गए पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल