मुड़ियानी में सरकारी भूमि पर अवैध सड़क निर्माण पर चला बुलडोजर, खनन मामले में भी कार्रवाई
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में राजस्व विभाग ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई गई सड़क को ध्वस्त कर दिया।
तहसीलदार ब्रज मोहन आर्य ने बताया कि तहसील चंपावत के पटवारी क्षेत्र मुड़ियानी के एक तोक में ग्राम खर्क कार्की निवासी अधिवक्ता प्रेम सिंह अधिकारी पर राजस्व विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर कटान एवं खुदान के माध्यम से अपने घर तक निजी सड़क बनाने का आरोप था। शिकायत और जांच के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक दीनदयाल वर्मा और राजस्व उपनिरीक्षक विनोद देव की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध सड़क को ध्वस्त किया गया। वहीं जिला खान अधिकारी राहुल साह, भू-वैज्ञानिक डॉ. हरीश बिष्ट सहित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन के संबंध में चालानी कार्रवाई भी की।
उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

More Stories
ज्ञान गंगा सम्मान-2026 से सम्मानित हुईं डॉ. सुमन पांडेय
आदर्श चम्पावत @2030 की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
विधायक के आंदोलन का असर,पांच दिन में होगी पुनौली उपकरण वितरण मामले की जांच,महाभ्रष्ट के बयान से पलटे