June 8, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

जनता मिलन में 88 शिकायतों पर हुई कार्यवाही, डीएम ने समयबद्ध शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए

जनता मिलन में उमड़ी समस्याओं की फेहरिस्त, 88 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम मनीष कुमार

अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता मिलन में कुल 88 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेड़ा, समाज कल्याण एवं आपूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीणों की समस्याओं पर दिए तत्काल निर्देश

ग्राम च्युराखर्क के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बाराकोट विकासखंड के ग्राम बिसराड़ी निवासी चंद्रकला जोशी ने गांव में सड़क संपर्क मार्ग और सोलर लाइट लगाने की मांग की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को प्रस्ताव बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

लोहाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत भुमलाई से आए अनिल कुमार पुनेठा ने खनन न्यास निधि से लगभग 400 मीटर सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण की मांग रखी। इस पर डीएम ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग को मिली तत्काल सहायता

विकासखंड चम्पावत के ग्राम चौकी निवासी 86 वर्षीय नारायण राम ने भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी चम्पावत को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें तत्काल सहायता स्वरूप छड़ी भी उपलब्ध कराई गई।

पेयजल, रोजगार और आवास की समस्याएं भी उठीं

ग्राम प्रधान रैघांव उमा देवी ने गांव में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या और रैघांड़ी पंपिंग योजना के अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मनिहारगोठ निवासी विधवा महिला अर्चना ने रोजगार उपलब्ध कराने तथा बच्चों की शिक्षा के लिए फीस माफी की मांग की। जिलाधिकारी ने यूयूएसडीए और मुख्य शिक्षा अधिकारी को पात्रता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पचनई निवासी इमला देवी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आवास की मांग रखी। इस पर डीएम ने अटल आवास योजना के तहत पात्रता परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सिरतोली निवासी अनीता देवी ने बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने के लिए आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर पात्रतानुसार कार्रवाई करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिकायतकर्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करे