संवाददाता टनकपुर (चम्पावत)। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत सोमवार को विकासखंड चम्पावत के ग्राम ज्ञानखेड़ा में न्याय पंचायत स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक अजय चौकरायत ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. अनुराधा दत्ता ने प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग के विकासखंड प्रभारी अभिषेक ने किसानों को कृषि यंत्रीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एग्री स्टैक और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया।
Bउद्यान विभाग के उद्यान पर्यवेक्षक सतीश ने विभागीय योजनाओं और उनमें मिलने वाले अनुदानों की जानकारी दी। न्याय पंचायत प्रभारी गरिमा उपाध्याय ने किसानों को विभागीय बीजों और कृषि यंत्रों पर उपलब्ध सब्सिडी के बारे में बताया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री हरिप्रिया जोशी ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के समापन पर हरिप्रिया जोशी ने पंचायत भवन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान कृषि विभाग, उद्यान विभाग समेत विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।




More Stories
जनसुझावों के आधार पर तैयार होगा मास्टर प्लान-2041, नजूल भूमि पर डीएम ने स्थिति की स्पष्ट
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान की लड़ाई सातवें दिन भी जारी, 102 वर्षीय बुजुर्ग माता भी धरने पर बैठीं
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में लोहाघाट में फूटा आक्रोश, छात्रों ने निकाली रैली