May 15, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

एआई और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य पर नवीन चन्द्र पंत सम्मानित

एआई और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य पर नवीन चन्द्र पंत सम्मानित
संवाददाता चम्पावत। सीमांत जनपद चम्पावत में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नवीन चन्द्र पंत को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। राज्यपाल
गुरमीत सिंह ने लोक भवन में आयोजित “एआई थीम रूम” के उद्घाटन एवं “एआई ऑन व्हील्स” वाहन के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान उन्हें जिला समन्वयक चम्पावत के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा सचिव रवि नाथ रमन तथा राज्यपाल की अपर सचिव रीना जोशी भी मौजूद रहीं।
नवीन चन्द्र पंत को चम्पावत में विज्ञान गतिविधियों के प्रभावी संचालन, छात्र-छात्राओं को विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने तथा उन्हें एआई आधारित शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नवीन चन्द्र पंत ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों की है, जो बच्चों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन कल्कि” अभियान के माध्यम से चम्पावत के विद्यार्थियों को एआई के क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में चम्पावत जिले के पांच विद्यार्थियों—अंश गहतोड़ी, अंजलि, प्रियंका, तनूजा और सुमित जोशी—तथा शिक्षिका प्रेमा ठाकुर को भी “ऑपरेशन कल्कि” के तहत सम्मानित किया गया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के मार्गदर्शन में शुरू की गई “ऑपरेशन कल्कि” पहल उत्तराखंड में नवाचार और एआई आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस अभियान के तहत “एआई थीम रूम” की टीम ने राज्य के सभी 13 जनपदों का भ्रमण कर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उनमें वैज्ञानिक सोच व तकनीकी नवाचार के प्रति जागरूकता विकसित की।
इंटरैक्टिव सत्रों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल ने युवाओं में अनुसंधान, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और तकनीकी नवाचार की भावना को मजबूत किया है।
“ऑपरेशन कल्कि” की प्रमुख उपलब्धियों में विद्यार्थियों द्वारा 108 अभिनव एप्लीकेशनों के लिए अपने आइडिया प्रस्तुत करना शामिल है। पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, शिक्षा और जनसेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़े इन नवाचारों ने उत्तराखंड के युवा प्रतिभाओं की रचनात्मक सोच और तकनीकी क्षमता को नई पहचान दिलाई है।

शेयर करे