चंपावत जिला पत्रकार संगठन ने मुख्यमंत्री को दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा निरस्त व पत्रकार उत्पीड़न रोकने का ज्ञापन
चंपावत ।
चंपावत जिला पत्रकार संगठन (CZPA) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपते हुए खटीमा (जनपद उधमसिंह नगर) में वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के विरुद्ध धारा 353(1)(B) BNS के तहत दर्ज किए गए मुकदमे को तुरंत निरस्त करने तथा पत्रकार उत्पीड़न पर अंकुश लगाने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र निस्तारण कराने की बात कही।
संगठन ने अपने ज्ञापन में बताया कि दीपक फुलेरा ने विगत बुधवार को खटीमा के चकरपुर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति में हो रही देरी और लंबी कतारों को लेकर पूरी तरह जन‑सरोकारी, ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी। इसी रिपोर्ट से क्षुब्ध होकर खटीमा के भाजपा मंडल महामंत्री द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने बिना ठोस जांच व साक्ष्यों की पुष्टि के मुकदमा अपराध संख्या 0090, दिनांक 27‑03‑2026 दर्ज कर लिया, जिसे संगठन ने द्वेषपूर्ण और दमनकारी बताया।
संगठन ने कहा कि आम जनता की शिकायतों पर कार्रवाई धीमी रहती है, जबकि नेता की शिकायत पर तुरंत मुकदमा दर्ज करना पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है और पत्रकारिता की स्वतंत्रता का सीधा हनन है।
चंपावत जिला पत्रकार संगठन ने मुख्यमंत्री जी से स्पष्ट रूप से मांग की कि दीपक फुलेरा पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए और पत्रकार उत्पीड़न को रोकने के लिए प्रभावी निर्देश जारी किए जाएं।
इस दौरान संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, जिला महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ पत्रकार गणेश पांडे,सूरी पंत,चंद्रशेखर जोशी, विनोद चतुर्वेदी, पंकज पाठक,दिनेश भट्ट, महेंद्र बिष्ट, नवीन भट्ट व अन्य सदस्य उपस्थित रहे और पत्रकारिता की स्वतंत्रता के संरक्षण को उत्तराखंड के लोकतंत्र की मूलभूत आवश्यकता बताया।

More Stories
डीएम के आश्वासन पर धरना स्थगित, 31 अक्टूबर तक बैंक शाखा खोलने का भरोसा
कैबिनेट बैठक को लेकर तैयारियां तेज, ऐंपण कला से सजा NHPC परिसर
हिमाद्री एम्पोरियम में गूंजा स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश