August 17, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

‘SHE for STEM’ से सशक्त होंगी बेटियाँ, सीएम धामी ने चम्पावत के लिए कई बड़ी घोषणाएँ कीं

Dukan Ad
Dukan Ad

‘SHE for STEM’ कार्यक्रम से सशक्त होंगी बेटियाँ, मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत के लिए कई बड़ी घोषणाएँ कीं
संवाददाता चम्पावत —
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरलचौड़ auditorium, चम्पावत में आयोजित ‘SHE for STEM’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने राज्य की 50 मेधावी छात्राओं को प्रति छात्रा ₹10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की तथा STEM लैपटॉप वितरित कर अनेक छात्र‑छात्राओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और नवाचार का युग है ।
और उत्तराखंड की हर बेटी को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बालिकाओं में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘विज्ञान ज्योति’, ‘प्रगति छात्रवृत्ति’ एवं महिला वैज्ञानिक योजना जैसे कार्यक्रमों से बालिकाओं और युवतियों को शोध, प्रशिक्षण व आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में निर्माणाधीन साइंस सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं में विज्ञान व अनुसंधान को नई दिशा देगा।
उन्होंने यूकॉस्ट के माध्यम से ग्रामों में महिला उद्यमियों को फूड प्रोसेसिंग, जूट उत्पाद, मधुमक्खी पालन, पिरूल ब्रिकेटिंग, औषधीय मशरूम और अन्य तकनीकी प्रशिक्षणों से जोड़कर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं, जिनमें चम्पावत में ‘विज्ञान रेडियो’ की स्थापना, जनपद को ‘रेजिलिएंट जनपद’ के रूप में विकसित करना, महिला प्रौद्योगिकी केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराना तथा आपदा प्रबंधन केंद्र की स्थापना हेतु केंद्र से अनुरोध करना प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति के माध्यम से AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और डिजिटल गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस दौरान ‘IGNITE: A Journey Through Experiments’ और ‘The Land of Echoing Legends Champawat’ जैसी पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, विज्ञानशाला इंटरनेशनल की संस्थापक डॉ. दर्शना जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अधिकारी, छात्र‑छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करे