डेटॉल से बनेगा स्वस्थ इंडिया’ अभियान के तहत 100 विद्यालयों में स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम, किट वितरण से बच्चों में विकसित हो रही स्वस्थ आदतें
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में 100 विद्यालयों में स्वच्छता पहल सुदृढ़, बच्चों में व्यवहार परिवर्तन की ओर कदम
संवाददाता चंपावत।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चंपावत में स्कूली बच्चों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु ‘डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया’ अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
प्लान इंडिया एवं रेकिट के सहयोग से चल रहे इस अभियान के तहत चयनित 100 विद्यालयों में स्वच्छता किट का वितरण कर बच्चों में स्वस्थ आदतों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
अभियान के अंतर्गत चंपावत विकासखंड के 50, लोहाघाट विकासखंड के 25 तथा टनकपुर तहसील के 25 विद्यालयों को शामिल किया गया है। इन विद्यालयों को प्रदान की गई स्वच्छता किट में स्वच्छता मॉड्यूल बुक, हारपिक, लायज़ोल, साबुन, हैंडवॉश एवं डेटॉल लिक्विड जैसी आवश्यक सामग्री सम्मिलित है, जिससे विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के जिला लीड अनिल कुमार एवं वालंटियर सुनील पांडे ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भेंट कर कार्यक्रम की प्रगति से अवगत कराया।
उन्होंने जानकारी दी कि यह 15 सप्ताह का विशेष स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत शिक्षकों को पूर्व में स्वच्छता मॉड्यूल पर प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षित शिक्षक तत्पश्चात विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय एवं घर की साफ-सफाई, बीमारी के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा पर्यावरणीय स्वच्छता के विषय में व्यवहारिक जानकारी प्रदान करते हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाल्यावस्था से ही बच्चों में स्वच्छता की आदतों का विकास करना एक अत्यंत सराहनीय एवं दूरदर्शी कदम है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस अभियान का दायरा और अधिक विस्तारित किया जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इसमें सम्मिलित कर इसे जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाया जाए।

More Stories
बाराकोट: ग्राम सभा पम्दा के उप ग्राम प्रधान मनमोहन टम्टा(49) का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
स्वरोजगार से सम्मान तक: लोहाघाट में महिला सम्मेलन, एक हजार से अधिक महिलाएं सम्मानित
पिस्टल के बट से हमला करने और जान से मारने की धमकी का आरोप, दो पक्षों ने दी तहरीर