रियासी-बमनगांव तोक में खनन पट्टों की आड़ में अवैध खनन, ग्रामीणों ने CM से की कार्रवाई की मांग
चम्पावत, 8 फरवरी 2026: जनपद चम्पावत के चूका क्षेत्र अंतर्गत रियासी-बमनगांव तोक (सीम) में खनन पट्टों के नाम पर जेसीबी व पोकलैंड जैसी भारी मशीनों से लंबे समय से अवैध खनन का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल रोक लगाने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि यह खनन नियमों व पर्यावरण मानकों का खुला उल्लंघन है।
नदी किनारे गांवों पर मंडरा रहा खतरा
अवैध खनन से नदी के पास बसे गांवों में भू-धंसाव व कटाव का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार माफिया नियमों को ताक पर रखकर 15-20 फीट गहरे खड्डे खोद रहे हैं। बरसात में इससे भारी जान-माल की क्षति हो सकती है।
ओवरलोड वाहनों ने उजाड़ दी सड़कें
वर्षों की मशक्कत से बनी सड़कें ओवरलोड खनन वाहनों से जर्जर हो चुकी हैं। इनकी बेलगाम आवाजाही से ग्रामीणों की जान पर बन आई है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि खनन विभाग व स्थानीय प्रशासन को बार-बार शिकायतें मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। निरीक्षण के नाम पर अधिकारी टालते ही रहते हैं, जिससे विभागीय संरक्षण के आरोप लग रहे हैं।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
– जेसीबी-पोकलैंड से अवैध खनन पर तत्काल रोक।
– गहरे खड्डों की तकनीकी जांच।
– ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई व सड़क मरम्मत।
– प्रशासन व विभाग की उच्चस्तरीय जांच।
– दोषियों पर कठोर एक्शन।
ज्ञापन पर सरपंच पवन सिंह, ग्राम प्रधान पंकज तिवारी सहित सोबन सिंह, दीपक सिंह, दान सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

More Stories
बस हादसे में चालक की मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, पुत्र से फोन पर की बात
बस हादसे में चालक की मौत पर डीएम ने जताया शोक, परिजनों से मिले
मार्ग से बाड़ीगाड़ में गिरने से दंत चिकित्सक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम