जनता मिलन में 120 शिकायतें दर्ज, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए तत्पर निस्तारण के निर्देश
चम्पावत।
जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं।कार्यक्रम में कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें आर्थिक सहायता, आवास, पेयजल, सोलर लाइट, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाएं, फसल सुरक्षा, तारबाड़, रोजगार, सड़क, विद्युत व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनहित से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जनता मिलन के दौरान ग्राम मौराडी निवासी ललित मोहन जोशी ने आधार कार्ड में नाम की त्रुटि के कारण पेंशन न मिलने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आधार सुधार कराने तथा समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि.) वी.पी.सी. जोशी, निवासी बरेली द्वारा भूमि विवाद से जुड़ी शिकायत पर जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से प्रकरण निस्तारित करने के लिए अपने कार्यालय में बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया, जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार किया।ढकना बडोला निवासी बबीता देवी द्वारा गौशाला निर्माण कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं, पाटी निवासी पार्वती देवी की रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन को पुनः प्रारंभ करने के लिए समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल पेंशन जारी करने के आदेश दिए गए।
बनौला निवासी दिव्यांग चन्द्रा देवी ने शौचालय निर्माण की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।नागनाथ वार्ड के निवासियों ने सैनिक कॉलोनी में सड़क मरम्मत की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी चम्पावत व लोक निर्माण विभाग को तुरंत कार्यवाही करने के आदेश दिए।कार्यक्रम में अन्य शिकायतें भी रखी गईं — जिनमें आवास, राशन कार्ड, आपदा प्रभावित पुल, दिव्यांग पेंशन, पेयजल समस्या, पुलिया निर्माण, केसीसी ऋण माफी, और विधवा पेंशन से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरस्थ क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
जनता मिलन में 120 शिकायतें दर्ज, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए तत्पर निस्तारण के निर्देश

More Stories
पूर्णागिरि में मुंडन के नाम पर श्रद्धालुओं से लूट, वसूली जा रही है डबल धनराशि
शारदा कॉरिडोर परियोजना निर्माण कार्य के लिए समिति गठित, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दिए निर्देश