ठेकेदार के दावे पर जिलाधिकारी सख्त, खुद गिनती कर गिनें मजदूर
चंपावत। मुख्यालय में निर्माणाधीन साइंस सेंटर के कार्यों में धीमी प्रगति और गलत जानकारी पर जिलाधिकारी मनीष कुमार सख्त हो गए। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने साइट पर 90 श्रमिक तैनात होने की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी मजदूरों को मौके पर खड़ा कर स्वयं गिनती कराई, जिसमें केवल 65 श्रमिक ही पाए गए।लगभग 55 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बन रहे अत्याधुनिक साइंस सेंटर के विभिन्न ब्लॉकों, वैज्ञानिक गैलरियों, फन साइंस गैलरी, विज्ञान व कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक और चार मंजिला साइंस कैंप फैसिलिटी का जिलाधिकारी ने विस्तृत निरीक्षण किया।
कार्य की अपेक्षा से कम प्रगति और संसाधनों की कमी पर उन्होंने गहरा असंतोष जताया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल पर्याप्त श्रमिक तैनात किए जाएं, सामग्री व संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं और कार्य की रफ्तार बढ़ाई जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी सिविल कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि साइंस सेंटर समय पर विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एम.सी. पलड़िया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
ज्ञान गंगा सम्मान-2026 से सम्मानित हुईं डॉ. सुमन पांडेय
आदर्श चम्पावत @2030 की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
विधायक के आंदोलन का असर,पांच दिन में होगी पुनौली उपकरण वितरण मामले की जांच,महाभ्रष्ट के बयान से पलटे