80 वर्षीय कौशल्या देवी की पेंशन बनेगी – डीएम ने तत्काल सुलझाई आधार से जुड़ी जटिल समस्या
चम्पावत, 8 दिसंबर (सूवि)। ग्राम बगेड़ी, धौन निवासी 80 वर्षीय कौशल्या देवी के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान उनका आधार से जुड़ा जटिल मामला मौके पर ही सुलझा दिया। अब उनकी वृद्धावस्था पेंशन बनने का रास्ता साफ हो गया है।जनता मिलन में कौशल्या देवी के पुत्र ने जिलाधिकारी को बताया कि वृद्धा के हाथों में बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट न आने के कारण उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है।
इस वजह से वे पेंशन व अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रहीं। कई जन सेवा केंद्रों व विभागों के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर वे जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचीं।स्थिति गंभीर जानकर जिलाधिकारी ने स्वयं वृद्धा के हाथों की स्थिति देखी और तत्काल यूआईडीएआई के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान खोजा।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में पांच आधार रिजेक्शन कॉपी, आयु प्रमाण पत्र तथा जिलाधिकारी की आख्या समेत कुछ दस्तावेज आवश्यक होते हैं।इस पर डीएम ने मौके पर ही ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सभी जरूरी दस्तावेज तैयार कर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारी, समाज कल्याण तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कौशल्या देवी को वृद्धावस्था पेंशन सहित सभी पात्र शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
80 वर्षीय कौशल्या देवी की पेंशन लगेगी – डीएम ने तत्काल सुलझाई आधार से जुड़ी जटिल समस्या, अब बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट नहीं आने पर होगा समाधान

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार