April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

बुजुर्ग पत्रकारों की पेंशन फिर 5 साल मान्यता से जोड़ी जाए: मुख्य सचिव को जिला पत्रकार संगठन ने सौंपा ज्ञापन

बुजुर्ग पत्रकारों की पेंशन फिर 5 साल मान्यता से जोड़ी जाए: मुख्य सचिव को जिला पत्रकार संगठन ने सौंपा ज्ञापन
चंपावत।
जिला पत्रकार संगठन चंपावत ने प्रदेश के बयोवृद्ध पत्रकारों की पेंशन के लिए न्यूनतम मान्यता अवधि फिर से 5 वर्ष किए जाने और जिले के पत्रकारों की मान्यता से जुड़ी बैठक शीघ्र बुलाने की मांग को लेकर मुख्य सचिव आनंद वर्धन को ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्य सचिव से संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली के नेतृत्व और महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट के संचालन में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि पहले बयोवृद्ध पत्रकार पेंशन की न्यूनतम अर्हता लगातार 5 वर्ष तक मान्यता प्राप्त पत्रकार रहने की थी, जिसे पूर्ववर्ती सरकार ने बढ़ाकर 15 वर्ष कर दिया।
इसके कारण प्रदेश भर में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अनेक वरिष्ठ पत्रकार योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं, जबकि पर्वतीय जिलों में वे विषम परिस्थितियों में न्यूनतम वेतन पर काम करते हैं और बुजुर्ग अवस्था में यही पेंशन उनका महत्वपूर्ण सहारा बनती है।
पत्रकारों ने कहा कि उत्तराखंड का अधिकांश भाग पर्वतीय है, जहां जिला मुख्यालय से लेकर तहसील और ब्लॉक स्तर तक काम करने वाले पत्रकार सीमित संसाधनों में जनसमस्याओं को आवाज देते हैं। ऐसे में पेंशन के लिए 15 वर्ष की अनिवार्य मान्यता अवधि व्यावहारिक नहीं है और इससे वरिष्ठ पत्रकार आर्थिक असुरक्षा झेलने को मजबूर हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मांग की कि बयोवृद्ध पत्रकार पेंशन योजना की अर्हता पूर्व व्यवस्था के अनुसार पुनः 5 वर्ष की जाए, ताकि अधिकतर वरिष्ठ पत्रकारों को योजना का लाभ मिल सके और वे सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री गिरीश बिष्ट, दिनेश भट्ट, मृदुल पांडे, संजय भट्ट, लक्ष्मण बिष्ट, राजीव मुरारी, सूरी पंत, वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडे, चंद्रशेखर जोशी, सतीश चंद्र जोशी सहित कई पत्रकार शामिल रहे।

शेयर करे