चंपावत में अपर सचिव का रात्रि विश्राम, चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
चंपावत।
विकास खंड चंपावत के ग्राम बचकोट पोलप, रायल एवं तामली क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे मा० मुख्यमंत्री के अपर सचिव, उत्तराखण्ड शासन मनमोहन मैनाली ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत तामली में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की विस्तार से जानकारी ली।
चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति सुधार, सोलर हैंडपम्पों की मरम्मत, जंगली जानवरों से फसल बचाव के लिए चैनलिंक फेंसिंग, रायल से टनकपुर–जौलजीवी मोटरमार्ग तक लगभग छह किलोमीटर सड़क निर्माण, जन औषधि केंद्र की स्थापना, 108 एम्बुलेंस व्यवस्था एवं जन सेवा केंद्र (आधार सेंटर) खोले जाने जैसी प्रमुख मांगें रखीं। अपर सचिव मैनाली ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पेयजल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कराए जाने तथा आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।भ्रमण के दौरान उन्होंने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नौलो पेयजल योजनाओं, सीसी मार्गों एवं अन्य सार्वजनिक संरचनाओं के पुनर्निर्माण और मरम्मत को लेकर भी खंड विकास अधिकारी चंपावत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए फील्ड स्तर पर त्वरित और परिणाममुखी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्थानीय जनता को राहत मिल सके।चौपाल एवं भ्रमण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार जोशी, ग्राम प्रधान पोलप विपिन सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान तामली गणेश जोशी, प्रकाश बोहरा, देवेंद्र जोशी, प्रहलाद सिंह, मुकेश उरियाल, राजेश पांडेय, शिवदत्त जोशी, नवीन जोशी, प्रकाश जोशी, विनोद जोशी, ललित जोशी, दीपक जोशी, प्रधानाचार्य जीआईसी कमल जोशी, एसएसबी से लेख चंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार