अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में स्कूल के पास मिले विस्फोटक मामले का पुलिस ने किया पर्दाफाश, पाटी का ठेकेदार भेजा गया जेल
दिल्ली और जम्मू कश्मीर में बम धमाकों के बाद सल्ट के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डबरा के पास झाड़ियों में बीते शुक्रवार को जिलेटिन ट्यूब (विस्फोटक सामग्री) दिखने से हड़कंप मच गया।
स्कूली बच्चों की ओर से इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। विस्फोटक सामग्री मिलने का मामला उजागर होने के बाद पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कमान अपने हाथों में ली। तीन दिनों तक सल्ट में ही एसएसपी ने डेरा जमाए रखा। घटनास्थल एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस की ओर से कई ठेकेदारों और संदिग्धों से पूछताछ की गई। आखिरकार पांच दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति प्रशांत कुमार बिष्ट निवासी गरसारी थाना पाटी जनपद चम्पावत को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2016-17 में तीन किमी लंबी सड़क निर्माण का कार्य लिया था। उस दौरान नजदीकी गांव में किराये का कमरा लेकर रहता था। निर्माणाधीन रोड में चट्टान आने से वर्ष 2018 में उसके पार्टनर ने किसी अन्य व्यक्ति से बात की और वहीं जिलेटिन ट्यूब लाया था। आरोपित जिस कमरे में रहता था, उसने वहां यह विस्फोटक सामग्री रखी थी। लेकिन 6-7 वर्ष तक कमरा खाली नहीं करने पर जून 2025 को मकान मालिक हिम्मत सिंह ने किरायेदार से संपर्क किया लेकिन आरोपित किरायेदार वहां नहीं आया। इसके बाद आरोपित ने मकान मालिक से कमरे का ताला तोड़ कर कमरे की सफाई करने को कहा। मकान मालिक ने मजदूरों से उक्त कमरे की सफाई कराकर सभी सामग्री को झाड़ियों में फेंक दिया गया। मकान मालिक को उक्त जिलेटिन ट्यूब के बारे में जानकारी नहीं थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देवेंद्र पींचा ने जनपद स्तर पर अलग-अलग चार टीमों का गठन किया। बम डिस्पोजल टीम, डाग स्क्वाड, स्थानीय व आसपास के थाना पुलिस, एलआइयू व आईआरबी को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम में एसओ विनोद जोशी, एसओ अजेंद्र प्रसाद, एसओ कश्मीर सिंह, थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, चौकी प्रभारी संजय जोशी, अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, लखविंदर सिंह आदि शामिल रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार