April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

जल समस्या पर डीएम की सख्ती, चार दिन में प्रियंका के घर पहुंचेगा पानी जनता मिलन में 70 शिकायतें दर्ज,

जल समस्या पर डीएम की सख्ती, चार दिन में प्रियंका के घर पहुंचेगा पानी
जनता मिलन में 70 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को मिला तत्काल निस्तारण का निर्देश

चंपावत
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सड़क, पानी, बिजली, विस्थापन, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और बीमा भुगतान जैसे मामले प्रमुख रहे।डीएम ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्यक्रम के दौरान भैरवा वार्ड निवासी आशा तड़ागी के घास के लूट्टे जलने से हुए नुकसान पर डीएम ने सहकारिता विभाग को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। ग्राम मानाढुंगा दिगालीचौड़ के भुवन चंद्र जोशी की जलभराव समस्या पर लोक निर्माण विभाग, लोहाघाट को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई के आदेश दिए गए।इसी तरह ग्राम ढकना की नारायणी देवी को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग पर डीएम ने एसडीएम सदर और आपदा विभाग को क्षेत्र निरीक्षण कर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कोलीढेक, लोहाघाट की पूजा देवी की पेंशन संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने अटल आवास योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष से लाभ प्रदान करने को कहा।

ग्राम वांस निवासी जोत राम बहादुर की बीमा राशि भुगतान समस्या पर परिवहन विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश मिले। वहीं नाजनाथ वार्ड के योगेश जोशी सहित अन्य परिवारों की ओर से नाले के निर्माण की मांग पर अधिशासी अधिकारी को शीघ्र कार्य आरंभ करने को कहा गया।

तल्ली मादली निवासी जगदीश पांडे की भूमि कब्जे संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को जांच और निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए। सुंगरखाल, लोहाघाट निवासी कविता राय की आर्थिक सहायता एवं बच्चों की शिक्षा की मांग पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी को आरटीई के तहत बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

लीलाधर की शिकायत पर लघु सिंचाई विभाग को भुगतान शीघ्र करने को कहा गया। चंद्रावती देवी और गंगा राम की बिजली कनेक्शन से संबंधित शिकायत पर अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।ग्राम पंचायत कायल व बागौटी में समाज कल्याण विभाग को बहुउद्देशीय शिविर लगाने के निर्देश हुए, जबकि ग्राम पंचायत जौल के पर्यटन क्राफ्ट सेंटर की जांच के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में टीम बनाई गई।

    कार्यक्रम की सबसे प्रमुख शिकायत प्रियंका महर की रही, जिन्होंने बताया कि तीन वर्ष से जल कनेक्शन न मिलने से वह परेशान हैं। इस पर जिलाधिकारी ने खुद लाइनमैन से फोन पर बात की और अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को आदेश दिया कि आगामी चार दिनों के भीतर प्रियंका के घर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, एसडीएम सदर अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

शेयर करे