हाथी के हमले में महिला घायल
बिचई गांव के पास जंगल में चारा-पत्ती बीनते समय घटी घटना
टनकपुर। टनकपुर क्षेत्र के बिचई गांव के समीप जंगल में चारा-पत्ती और लकड़ी बीनने गई महिला पर रविवार को हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ गई महिलाओं के शोर-शराबे के बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को आनन-फानन में उप जिला अस्पताल टनकपुर लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार बिचई गांव निवासी गौरी देवी (50) पत्नी लाल राम रविवार सुबह गंगा देवी, धना देवी और पार्वती देवी के साथ शारदा रेंज के उत्तरी गुलियापानी वन क्षेत्र में चारा-पत्ती और लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान एक हाथी अचानक वहां पहुंच गया और गौरी देवी पर हमला कर दिया। अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर हाथी वहां से भाग गया और घायल गौरी देवी को साथी महिलाएं किसी तरह सुरक्षित निकाल लाई।सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। शारदा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के पास विभाग की ओर से पौधरोपण कार्य चल रहा था। वहां वनकर्मी गोविंद सिंह कोरंगा, आरती रतूड़ी और बलदेव सिंह मौजूद थे, जिन्होंने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि महिला के पैर और पसली में चोटें आई हैं, हालांकि कोई हड्डी नहीं टूटी है। वन विभाग घायल महिला का इलाज करा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि महिला पर हाथी ने हमला किया या वह डर के कारण चोटिल हुई।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार