जनता मिलन में 106 शिकायतों का हुआ निस्तारण, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशानुसार सोमवार को टनकपुर तहसील में जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्राप्त 106 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ग्राम सभा सिलाड में नौला के सुधार कार्य हेतु खंड विकास अधिकारी को मूल स्वरूप में पुनः निर्माण का आदेश दिया। ग्राम पंचायत धूरा की पंपिंग योजना सुचारू रूप से 24 घंटे के भीतर संचालित करने का निर्देश जल निगम को दिया ।
पूर्व सैनिक मान सिंह की शिकायत पर वन विभाग को भू-कटाव रोकने और कृषि अधिकारी को फसल का मुआवजा तत्परता से भुगतान करने का निर्देश दिया । प्राथमिक विद्यालय में स्थायी शिक्षक की कमी पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को तुरंत नियुक्ति करने का आदेश दिया गया।
निराश्रित पशुओं से हो रही सड़कों की समस्या हेतु EO टनकपुर एवं जिला पंचायत को गौशाला में पशुओं को भेजने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कड़े निर्देश दिए गए। वृद्धा पेंशन योजना के लिए पात्रों के आवेदन प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के लिए समाज कल्याण अधिकारी को भी निर्देशित किया गया।
आधार एवं दिव्यांग प्रमाणपत्र हेतु विशेष शिविर आयोजित करने, प्राथमिक चिकित्सालय में साफ-सफाई, जन औषधि केंद्र के संचालक बदलने समेत अन्य चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। ग्राम पंचायतों की विभिन्न शिकायतों जैसे तारबाड़ निर्माण, भू-कटाव, पेड़ काटने, नाली निर्माण एवं जलभराव की समस्याओं का समाधान करने संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से हल किया जाएगा। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उप जिलाधिकारी आकाश जोशी सहित जिला स्तर के कई अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार