April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर हुआ पेंशनर जागरूकता शिविर का आयोजन, जीवित प्रमाण पत्र की डिजिटल प्रक्रिया एवं साइबर सुरक्षा पर दी गई जानकारी

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर हुआ पेंशनर जागरूकता शिविर का आयोजन
जीवित प्रमाण पत्र की डिजिटल प्रक्रिया एवं साइबर सुरक्षा पर दी गई जानकारी

चम्पावत। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी के सभागार में पेंशनर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कोषाधिकारी  सीमा बंगवाल ने की। सहायक लेखाकार श्रीमती चंचल ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित राज्य आंदोलनकारी पेंशनर्स एवं समस्त पेंशनर्स को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपकोषाधिकारी लोहाघाट  गणेश दत्त चौथिया ने पेंशनर्स को डिजिटल माध्यम से जीवित प्रमाण पत्र भरने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के आग्रह पर कोषागार कर्मचारी उनके घर जाकर जीवित प्रमाण पत्र जमा कराएंगे।सहायक लेखाकार  मुकेश कुमार ने स्लाइड शो के माध्यम से ऑनलाइन प्रणाली से जीवित प्रमाण पत्र भरने की प्रक्रिया समझाई।

उन्होंने एसजीएचएस से संबंधित जानकारियाँ, पेंशनर्स को उपलब्ध ऑनलाइन सेवाएँ तथा आयकर से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएँ साझा कीं।वरिष्ठ कोषाधिकारी  सीमा बंगवाल ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके विभिन्न प्रकारों और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान पेंशनर्स ने अपने ठगी से संबंधित अनुभव साझा किए, जिनमें पेंशनर आर.डी. चौथिया ने अपने व्यक्तिगत अनुभव बताए।कार्यक्रम के समापन पर सभी पेंशनर्स और कोषागार परिवार द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी पेंशनर  राजेन्द्र गड़कोटी, सिविल पेंशनर  आर.डी. चौथिया,  रमेश चन्द्र पाटनी,  मोहन चन्द्र जोशी,  हरीश चन्द्र राय समेत लगभग 40 पेंशनर्स उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सहायक कोषाधिकारी  संजय कुमार, लेखाकार  भुवन प्रसाद तथा सहायक लेखाकार कु. पूजा राय, नितिन जोशी व मजहर हुसैन भी कार्यक्रम में शामिल रहे।

शेयर करे