ओवरलोड मैक्सी कैब हाईवे पर पलटी, 15 यात्री घायल
टनकपुर निवासी एक परिवार के चार सदस्य भी जख्मी, चालक फरारचंपावत/टनकपुर। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदनी के पास गुरुवार को एक मैजिक वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को खटीमा और टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया है।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन संख्या यूके 06 टीए 3322 टनकपुर से यात्रियों को लेकर खटीमा जा रहा था। इसी दौरान बनबसा के समीप चंदनी के पास अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गया।
घायलों में टनकपुर मनिहारगोठ निवासी एक ही परिवार की चार महिला व किशोर शामिल हैं— मीना देवी (30) पत्नी किशन राम, शांति देवी (38) पत्नी केशव राम, पीयूष (8) व आयुष (6) पुत्र किशन राम। सभी को 108 सेवा की एंबुलेंस से टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया।
डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि शांति देवी को सिर और मीना देवी को कमर में चोटें आई हैं।अन्य घायलों में मनोज शर्मा पुत्र स्व. प्रेम बहादुर निवासी पीलीभीत, प्रीति शर्मा (30), एकता शर्मा पुत्री अजय शर्मा निवासी हनुमान मंदिर खटीमा, काव्या शर्मा (12), प्रियांश शर्मा (9), युवराज (9) पुत्र योगेश निवासी मनिहारगोठ टनकपुर, विमला बिष्ट (38) पत्नी प्रदीप जग्गी निवासी बिंदुखत्ता लालकुआं, अंबिका बिष्ट (35) पत्नी चंदन बिष्ट निवासी मनिहारगोठ टनकपुर, प्रिंस (4) पुत्र चंदन बिष्ट, रूही बिष्ट (10) पुत्री चंदन सिंह और पाखी जग्गी पुत्री प्रदीप जग्गी शामिल हैं।इनमें से रूही बिष्ट और प्रिंस को गंभीर अवस्था में बरेली रेफर किया गया है, जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मैजिक ओवरलोड थी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर हादसा हुआ। वाहन चालक मौके से फरार है। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार