चंपावत में मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण, 5 कफ सिरप जांच के लिए भेजे गए ।
चंपावत।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव भवदीप रावते के निर्देशन में औषधि नियंत्रण विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने सोमवार को नगर क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई हाल ही में राजस्थान और मध्य प्रदेश में खांसी की दवा के सेवन से बच्चों की मौत की घटनाओं के मद्देनज़र की गई, ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामियों को औषधियों के उचित भंडारण, एक्सपायर्ड दवाओं को अलग रखने और सही निस्तारण के संबंध में कड़े निर्देश दिए गए। सचिव रावते ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है, अतः प्रतिबंधित औषधियों की बिक्री न की जाए और बिना डॉक्टर की सलाह के कफ सिरप का विक्रय न किया जाए।औषधि निरीक्षक हर्षिता ने मेडिकल स्टोर स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना डॉक्टर की सलाह के खांसी या जुकाम की कोई दवा न दी जाए, जबकि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों में इन औषधियों का सामान्य उपयोग बिल्कुल भी अनुशंसित नहीं है।निरीक्षण के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से पाँच कफ सिरप के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए विश्लेषणशाला भेजा गया। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1940 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।सचिव भवदीप रावते के निर्देशों के अनुरूप मेडिकल प्रतिष्ठानों का सत्यापन अभियान जिले में निरंतर जारी रहेगा। इस संयुक्त निरीक्षण में औषधि निरीक्षक हर्षिता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार